आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम, वार्ड 17 स्थित हरिओम नगर में हुए जलजमाव की समस्या को लेकर निवर्तमान पार्षद नीतू शर्मा ने मंगलवार को नगर निगम के प्रशासक को एक मांग पत्र सौंपते हुए जलजमाव की समस्या से अविलंब निजात दिलाने की मांग की. सौंपे गए मांग पत्र में उन्होंने बताया है कि उनके कार्यकाल के दौरान पारित सड़कों एवं नालियों को निगम प्रशासन द्वारा पूरा नहीं कराया गया है, जिसके कारण क्षेत्र के लोगों को बारिश के मौसम में घोर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि स्थानीय निवासियों के कोप का भाजन उन्हें बनना पड़ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया है कि नगर निगम से कई बार पत्राचार कर मामले की ओर ध्यान आकृष्ट कराये जाने के बाद भी निगम प्रशासन की ओर से क्षेत्र की समस्याओं की अनदेखी की गई, जिससे आज स्थिति भयावह हो चुकी है. जल जमाव के कारण हरिओम नगर रोड नंबर 5बी से होते हुए बैंक कॉलोनी तक, हरिओम नगर रोड नम्बर 4, 3 एवं संजीवनी हॉस्पिटल मुख्य मार्ग की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है. हर दिन सैकड़ों लोगों का आवागमन इस मार्ग से होता है. यह मार्ग दो- दो वार्डो को जोड़ता है, मगर नगर निगम की बेरुखी के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इस पर निगम प्रशासन की ओर से गंभीरता से पहल किये जाने का आश्वासन दिया गया.



