जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र में एनएच 33 के रंजन ढाबा के समीप चोरी हुई मोबाइल के साथ पुलिस ने एक नाबालिग सहित तीन को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. गिरफ्त में आये आरोपियों में डिमना सामुदायिक भवन का रहने वाला कृष्णा कुमार (19), उलीडीह डिमना रोड का रहने वाला निखिल गोस्वामी (19) और एक नाबालिग शामिल है. एमजीएम थाना प्रभारी ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि मामला 18 दिसंबर 2024 का है, जहां बालीगुमा वास्तु विहार निवासी अनिश कुमार गुप्ता से फोन छीनकर दो अपराधी भाग गये थे. इसके लिए एसएसपी के निर्देश पर छापेमारी दल का गठन किया गया, जिसमें छिनतई में शामिल एक नाबालिग सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया. वहीं इसके पास से चोरी की मोबाइल और बाइक बरामद की गयी. बाइक भी चोरी की है. फिलहाल दो को न्यायिक हिरासत में और एक को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है.











