जमशेदपुर : जमशेदपुर के हुडको लेक टाउन निवासी टाटा कमिंस कर्मी पुलक दास ओझा का पुत्र जयदीप दास ओझा मंगलवार अपराह्न तीन बजे के करीब घर में बिना बताये कहीं चला गया है. टेल्को टीआरएफ कॉलोनी स्थित वैली व्यू स्कूल की आठवीं कक्षा के छात्र जयदीप के अचानक लापता हो जाने से परेशानहाल उसके माता-पिता बेटे की तलाश में जुटे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कहीं अता-पता नहीं मिल पाया है. (नीचे भी पढ़ें)

मिली जानकारी के अनुसार जयदीप आज सुबह हर रोज की तरह स्कूल गया था और स्कूल से सही-सलामत वापस भी आया. उसके बाद अपराह्न तीन बजे के बाद वह घर में बिना कुछ बताये चुपके से घर का दरवाजा खोल कर कहीं चला गया. बच्चे की मां रुना दास ओझा ने बताया कि जयदीप घर में एक नोट छोड़ गया है जिसमें लिखा है – ‘मेरे को सब गिड्डा बुलाता है, मेरा मजाक उड़ाता है. हमको क्रिकेटर बनना था पापा.’ बच्चे की मां ने बताया कि उनका बेटे ने क्रिकेट एकेडमी में दाखिला लेना चाहता था. उन लोगों (माता-पिता) ने उसे कुछ दिन बाद दाखिला दिला देने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन आज वह बिना बताए नोट छोड़ कर कहीं चला गया.











