राजनगर: सरायकेला- खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड के बड़ा सिजुलता पंचायत अंतर्गत रामपुर गांव में मंगलवार को सड़क निर्माण की मांग को लेकर पांच मौजा के ग्राम प्रधान और सैकड़ों ग्रामीण एकजुट हुए. ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि आजादी के 75 साल बाद भी गांव को पक्की सड़क नसीब नहीं हुई है. ग्रामीणों ने बताया कि रामपुर से करीब एक हजार फीट तक का मार्ग पूरी तरह जर्जर और कीचड़मय हो गया है.(नीचे भी पढ़े)

यह सड़क हेंसल से फुफड़ीह मुख्य पथ को जोड़ती है, जहां से रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं, लेकिन बारिश के बाद रास्ता कीचड़ से भर गया है. हालत यह है कि मोटरसाइकिल तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. ग्रामीणों ने कहा कि अगर गांव में कोई बीमार पड़ जाए तो एम्बुलेंस तक नहीं पहुंच पाती. स्कूली बच्चे भी इसी रास्ते से गुजरते हैं और अक्सर फिसलकर गिर जाते हैं. ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क के निर्माण की मांग वे कई वर्षों से कर रहे हैं, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है. स्थानीय मुखिया को भी कई बार अवगत कराया गया, लेकिन कोई पहल नहीं की गई. गांव के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द इस सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो वे उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे. ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से इस समस्या का समाधान करने की मांग की है ताकि उनका जीवन आसान हो सके.











