बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड के मानुषमुड़िया पंचायत के प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना द्वारा निर्मित मानुषमुड़िया सोनाकड़ा मुख्य सड़क काफी जर्जर हो चुका है. सड़क पर बड़े बड़े नुकीले पत्थर उभर आए है जिसकारण ग्रामीणों को सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. यह सड़क पश्चिम बंगाल को जोड़ती है और ग्रामीणों के लिए बहुत महत्वपूर्ण सड़क है, जो दैनिक कार्यों, इलाज कराने और विद्यार्थी विद्यालय और कॉलेज जाने आने में इसका उपयोग करते हैं. यह सड़क ग्रामीणों के लिए जीवनरेखा है, जो उन्हें अपने दैनिक कार्यों को करने और आवश्यक सेवाओं तक आने जाने में इस सड़क का प्रयोग करते है. ग्रामीण कार्य विभाग जमशेदपुर प्रमंडल के द्वारा बीते साल सितंबर महीने में मानुषमुड़िया से सोनाकड़ा तक, आरईओ रोड से बड़बेहेड़ा तक, जामजुरकी पथ से भादुआ तक सड़क सुदृढ़ीकरण करने के लिए निविदा जारी किया गया था, लेकिन निविदा हो जाने के बाद भी ठेकेदार द्वारा न शिलान्यास किया गया और न ही कार्य प्रारंभ किया गया है. इससे ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है. (नीचे भी पढ़ें)
ग्रामीण अशोक राणा, पुलिन राणा, जगदीश नायक, उत्तम नायक, राहुल नायक, विजय मुर्मू, बिरेन गोप, विदेश गोप, भोलानाथ साधु, हाराधन चंद, संजीव साधु समेत अन्य ने कहा कि इस सड़क की स्थिति बहुत खराब है और नुकीले पत्थर निकल जाने से वाहनों को चलाने में काफी परेशानी हो रही है. इससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है और ग्रामीणों की सुरक्षा खतरे में है. ग्रामीणों ने प्रखंड प्रशासन और जिला प्रशासन से मांग किया है कि जितना जल्द हो सके शिलान्यास किया जाए और सड़क की मरम्मत करवाई जाए. प्रशासन को इस सड़क की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाया जाए ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके.











