जमशेदपुर : नारी शक्ति समिति के बैनर तले मंगलवार को भालूबासा में सावन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम में सजी- धजी महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में शिरकत की और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया. इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू शामिल हुईं. उनकी मौजूदगी ने पूरे कार्यक्रम को खास बना दिया. महिलाओं ने “काजल लगा ले नंदलाला” और “झूला झूले राधा रानी” जैसे पारंपरिक गीतों पर सामूहिक नृत्य किया. ढोलक और झाल की गूंज के बीच पूरा माहौल सावन की मस्ती से सराबोर रहा. (नीचे भी पढ़ें)

विधायक पूर्णिमा दास साहू भी इस उल्लास में शामिल हुईं और महिलाओं के साथ झूमती नजर आईं. उन्होंने कहा कि नारी शक्ति का ऐसा संगठित रूप समाज के लिए प्रेरणास्रोत है. सावन केवल मौसम नहीं, भावनाओं और परंपरा का उत्सव है. महोत्सव में लोकगीत प्रतियोगिता, पारंपरिक परिधान प्रतियोगिता और मेंहदी रचाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. नारी शक्ति समिति ने यह संदेश दिया कि ऐसे आयोजनों से न सिर्फ संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सकता है, बल्कि महिलाओं के बीच आत्मबल और सौहार्द भी बढ़ता है.




