जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने मानगो के आजादनगर थाना क्षेत्र में जमीन एवं फ्लैट देने के नाम पर अलग-अलग लोगों के करीब एक करोड़ रुपये का गबन करने के नामजद आरोपी नसीम शेख को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी नसीम ने अपने सहयोगियों के साथ मिल कर कई लोगों से जमीन एवं फ्लैट देने के नाम पर करीब एक करोड़ रुपये वसूलने की बात स्वीकार कर ली है. पुलिस ने गिरफ्तार नसीम को चालान कर दिया है, जबकि मामले के अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि मानगो के आजादनगर थाना क्षेत्र की निवासी आयशा परवीन नामक महिला ने अर्बन लेडर बिल्डर के मालिक नसीम शेख एवं उसके अन्य सहयोगियों के खिलाफ जमीन एवं फ्लैट दिलाने के नाम पर करीब अठाइस लाख सत्तर हजार रुपये लेने के बाद भी फ्लैट नहीं देकर पैसों का गबन करने एवं धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कराया था. (नीचे भी पढ़ें)
इस मामले की जांच के क्रम में पुलिस को पता चला कि नसीम शेख ने अपने साथियों के साथ मिल कर फर्जी कागजात के आधार पर कई लोगों से जमीन एवं फ्लैट देने के नाम पर करीब एक करोड़ रुपये वसूल किये, किन्तु उन्हें जमीन या फ्लैट तो मुहैया नहीं ही कराया, पैसों का गबन कर अब वह देश से बाहर भागने की तैयारी में है. इसके बाद पटमदा पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस दल ने उसके विभिन्न ठिकानों की पड़ताल करते हुए शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया. इस दौरान पुलिस ने उसके पास से यस बैंक का वेंचर वीजा इन्फिनिट बिजनेस कार्ड, इंडस्ट्रियल बैंक का टाइटेनियम डेबिट कार्ड, बैंक ऑफ इंडिया का प्लैटिनम रुपे डेबिट कार्ड, एमएनएसी का परवेज अख्तर के नाम से रसीद, टाटा मोटर्स का टेंपररी कार्ड एवं मोटरोला का एंड्रॉयड फोन भी बरामद किया. (नीचे भी पढ़ें)
पूछताछ में नसीम शेख ने अपना अपराध स्वीकार भी कर लिया है. उसने आयशा परवीन से 28 लाख 70 हजार रुपये की बात भी कबूल कर ली है. पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद मेडिकल चेकअप करा कर उसको कोर्ट में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.



