सरायकेला: सरायकेला जिले में आगामी दुर्गा पूजा उत्सव को लेकर जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर सभागार में आयोजित की गई. इस बैठक में उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, डीडीसी, नगर निगम के आयुक्त, एसडीएम चांडिल सहित अन्य वरीय प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे. बैठक में जिले के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों के अध्यक्ष और समिति सदस्य शामिल हुए और उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं. बैठक में मुख्य रूप से पूजा के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए सुगम यातायात की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया. विशेषकर रात के समय सड़क पर वाहन परिचालन और पंडाल के पास सुरक्षा उपायों पर चर्चा हुई. पंडालों में निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग उठाई गई. (नीचे भी पढ़े)

मूर्ति विसर्जन के लिए तालाबों की पूर्व सफाई, सुरक्षा घेराबंदी और पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया. आदित्यपुर से गम्हरिया तक खराब स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त करने की मांग रखी गई. प्रशासन ने घोषणा की कि 28 तारीख से भारी वाहनों के प्रवेश पर नो एंट्री लागू रहेगा, जिससे पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो. वहीं जिला उपायुक्त एवं एसपी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि पूजा के दौरान विधि- व्यवस्था में किसी तरह की कोई कोताही नहीं बरती जाएगी. उन्होंने जिले वासियों से शांति एवं सौहर्द पूर्ण माहौल में पूजा मनाने की अपील की. साथ ही पुलिस प्रशासन को सहयोग करने की गुजारिश की. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अशांति फैलाने वालों को किसी कीमत पर बक्सा नहीं जाएगा.



