जमशेदपुर: जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका पोटका थाना क्षेत्र के गीतिलता गांव के समीप सोमवार तड़के पुलिस ने एक बोलेरो वाहन संख्या क्यूआर 11इ-8745 से चार मवेशियों को बरामद किया. इनमें से तीन की मौत हो चुकी थी, जबकि एक बैल मरणासन्न अवस्था में जीवित पाया गया. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ये मवेशी ओडिशा के दुंदु से जमशेदपुर लाए जा रहे थे. रास्ते में बोलेरो खराब होने पर तस्कर वाहन को छोड़कर फरार हो गए. वाहन से कराहने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जब गाड़ी की तलाशी ली तो तीन बैल मृत अवस्था में मिले. (नीचे भी पढ़ें)

ग्रामीणों ने बताया कि तस्करों ने छोटे से बोलेरो में चार बैलों को ठूंस दिया था और उनकी जीभ व पैरों को मोटे रस्से से बांध दिया था. दम घुटने और अत्यधिक दबाव के कारण तीन बैलों की मौत हो गई. पुलिस और ग्रामीणों की मदद से जीवित बैल को बाहर निकाला गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश देखा गया. ग्रामीणों का कहना है कि इस इलाके से लगातार मवेशी तस्करी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हो रही. फिलहाल पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और फरार तस्करों की तलाश शुरू कर दी है.



