जमशेदपुर : जमशेदपुर ट्रक एवं ट्रेलर ओनर्स एसोसिएशन ने पश्चिम बंगाल परिवहन विभाग पर ट्रक मालिकों एवं वाहन चालकों को विभिन्न प्रकार के अतिरिक्त टैक्स के नाम पर परेशान करने का गंभीर आरोप लगाया है. संगठन ने स्पष्ट तौर पर कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई तो वे आगामी 15 मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल आरंभ करेंगे. रविवार को ट्रांसपोर्ट नगर पार्किंग में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के महामंत्री मनीष कुमार सिंह ने कहा कि पूर्ववर्ती पश्चिम बंगाल सरकार के कार्यकाल में ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों को लगातार मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान किया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में ट्रकों से “एडीशनल टैक्स”, “मैकेनिकल टैक्स” और विभिन्न स्थानों पर लोकल टोल टैक्स के नाम पर अवैध वसूली की जाती रही है. इतना ही नहीं, छोटे-छोटे डायवर्सन और वैकल्पिक मार्गों पर भी वाहनों को रोककर अलग से टैक्स वसूला जाता है, जो पूरे देश में कहीं और देखने को नहीं मिलता. (नीचे भी पढ़ें)
मनीष सिंह ने कहा कि ट्रक और ट्रेलर मालिक पहले से ही ऑल इंडिया परमिट का शुल्क जमा करते हैं, जिसके तहत देशभर में वाहन चलाने की अनुमति होती है. इसके बावजूद पश्चिम बंगाल में अतिरिक्त टैक्स वसूली पूरी तरह अवैधानिक और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय के लिए नुकसानदायक है. उन्होंने कहा कि इस प्रकार की वसूली से वाहन मालिकों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है और व्यवसाय प्रभावित हो रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
एसोसिएशन के अध्यक्ष जसवीर सिंह ने कहा कि नवगठित पश्चिम बंगाल सरकार से संगठन को काफी उम्मीदें हैं. उन्होंने नई भाजपा सरकार से पूर्ववर्ती सरकार के समय से चल रही कथित गुंडा टैक्स और अन्य अवैध वसूली की व्यवस्था को पूरी तरह समाप्त कराने की मांग की. संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आगामी 15 मई से जमशेदपुर सहित अन्य राज्यों के ट्रक एवं ट्रेलर मालिक भी इस आंदोलन में शामिल होंगे और अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे. प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन के अध्यक्ष जसवीर सिंह, महामंत्री मनीष कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह के अलावा प्रदीप शर्मा, अभय सिंह, पिंटू यादव, महेंद्र यादव, अभिषेक झा, विनीत, मनोज सिंह, पारस, मनीष ओझा, तपस्या सिंह, संजय पांडे सहित कई सदस्य उपस्थित रहे.







