जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर जोन नंबर 1बी, लालटांड़ निवासी पूरन रविदास ने एसएसपी को एक ज्ञापन सौंप कर विगत 14 मई से लापता अपने 19 वर्षीय पुत्र कमल रविदास की खोज कराने की गुहार लगाई है. पूरन रविदास ने एसएसपी को सौंपे ज्ञापन में बताया है कि उसने बिरसानगर थाना में इस संबंध में आवेदन भी दिया, किन्तु थाना पुलिस ने न तो आज तक आवेदन की रिसीविंग कॉपी दी और न ही लापता बेटे के बारे में कोई जानकारी ही दी है. (नीचे भी पढ़ें)
पूरन ने अपने ज्ञापन में बताया है कि उसका बेटा कमल रविदास विगत 14 मई को शाम 6 बजे के करीब न्यू बारीडीह फौजा बगान स्थित शार्प कंप्यूटर इंस्टीच्यूट में कंप्यूटर क्लास करने जाने की बात बताकर घर से इलेक्ट्रिक स्कूटी से निकला था. लेकिन देर शाम तक उसके घर नहीं लौटने पर उसके मोबाइल नंबर पर कॉल किया गया, किन्तु उसका फोन बंद मिला. इसके बाद उन्होंने शार्प कंप्यूटर इंस्टीच्यूट पहुंच कर पता किया तो उन लोगों ने बताया कि उस दिन वह क्लास करने पहुंचा ही नहीं था. इसके बाद उन लोगों ने कमल की हर संभव स्थान पर खोजबीन की, किन्तु उसका कहीं पता नहीं चला. इसके बाद उन लोगों ने बिरसानगर थाना में इस संबंध में आवेदन भी सौंपा, किन्तु थाना से आज तक न तो उन्हें कोई रिसीविंग मिला और न हीं उनके खोये बेटे के बारे में कोई सूचना ही थाना की ओर से दी गई. इससे लगता है कि थाना अधिकारी इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
पूरन ने बताया है कि दूसरी ओर बेटे के लापता होने के कारण उनकी पत्नी की हालत खराब हो रही है. पत्नी ने ठीक से खाना-पीना भी छोड़ दिया है. इसके मद्देनजर पूरन ने एसएसपी से अपने बेटे की तलाश कराने की गुहार लगाई है.








