जमशेदपुर : अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन का राष्ट्रीय अधिवेशन सोमवार, 18 मई को नई दिल्ली के जनपथ स्थित ला मेरीडियन होटल में संपन्न हुआ. आयोजन में नव-निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत मित्तल, राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल, बिनोद अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नत्थू राम जैन एवं अन्य पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ. बताते चलें कि अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की स्थापना वर्ष 1975 में हुई थी. पूर्व में कृष्ण मोदी, बनारसी दास गुप्ता, प्रदीप मित्तल, सुरेंद्र गुप्ता आदि राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे हैं. पिछले दिनों संपन्न चुनाव में बसंत मित्तल ने निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग को पराजित कर विजय हासिल की थी. दिल्ली में आयोजित उनकी कमिटी के शपथ ग्रहण समारोह में देश भर से समाज के प्रतिष्ठित जन, उद्योगपति, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अग्रवाल समाज के प्रतिनिधि सम्मिलित हुए. (नीचे भी पढ़ें)

काशी के श्री आनंद अखाड़ा पीठाधीश्वर आचार्य बालकानंद गिरि ने समारोह का उद्घाटन किया. उक्त आयोजन में जमशेदपुर से पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप मुरारका, जिलाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, महासचिव मंटू अग्रवाल, सरंक्षक ओम प्रकाश रिंगसिया, युवा सम्मेलन के पूर्व महासचिव सन्नी संघी एवं सलाहकार दीपक पारीक ने भी शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया. (नीचे भी पढ़ें)
समारोह के मुख्य अतिथि, लोकसभाध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि समाज की एकजुटता और सेवा भावना से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है. उन्होंने बसंत मित्तल को बधाई देते हुए कहा कि अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की नई टीम को संगठन के साथ साथ सनातन व राष्ट्र हित में कार्य करना चाहिए. विशिष्ट अतिथि, केंद्रीय विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, हरियाणा के मंत्री विपुल गोयल एवं अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय चेयरमैन डॉ एसएस अग्रवाल मंचासीन रहे. आयोजन में कई राज्यों के अग्रवाल विधायक, सांसद एवं राजनेताओं ने भी भाग लिया. ज्ञात हो कि देश भर में अग्रवाल सम्मेलन के तीन लाख से ज्यादा सदस्य हैं.








