जबलपुर: एक्ट्रेस व मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध हालात में हुई मृत्यु को लेकर शुरू हुए बवाल के 11वें दिन, शुक्रवार को मुख्य आरोपी व ट्विशा के पति समर्थ सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. यह गिरफ्तारी उस समय हुई जब समर्थ सरेंडर करने के उद्देश्य से जबलपुर जिला कोर्ट पहुंचा था. देर शाम भारी गहमा-गहमी के बीच पुलिस उसे भोपाल ले गई है. ट्विशा शर्मा की मौत के बाद ग्यारह दिन का नाटकीय घटनाक्रम सामने आया है. मुख्य आरोपी समर्थ सिंह के वकील ने पहले हाईकोर्ट में दाखिल अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली, फिर शाम को समर्थ अचानक गुप्त रूप में सरेंडर करने के लिए जिला कोर्ट में पहुंचा. सरेंडर को लेकर पहले असमंजस की स्थिति बनी हुई थी, किन्तु बाद में स्थानीय पुलिस ने उसे कोर्ट से हिरासत में ले लिया. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि शुक्रवार को जबलपुर जिला कोर्ट में उस समय गहमागहमी बढ़ गई, जब समर्थ के समर्पण को कवर करने के लिए मीडिया कर्मी वहां पहुंच गए. बताया गया कि समर्थ उस समय कोर्ट के अंदर एक कमरे में मौजूद था. उसके साथ उसके वकील एवं उसके साथी भी उपस्थित थे. इसी बीच जब पत्रकारों ने उसकी विडियो बनानी चाही एवं उससे प्रश्न करने शुरू किए तो उसके साथी वकील उखड़ गए और विवाद करने लगे. इस दौरान पत्रकारों के साथ अभद्रता व धक्कामुक्की भी की गई. बताते चलें कि ट्विशा शर्मा की मौत के बाद से उसके मायके वालों ने पति समर्थ सिंह व सास एवं अवकाशप्राप्त जज, गिरिबाला सिंह पर उसकी हत्या कराने के आरोप लगाए थे. परिजन नोएडा से आकर भोपाल में जमे हुए हैं. उन्होंने जिला कोर्ट से ऐम्स दिल्ली में दोबारा अंत्यपरीक्षण की याचिका खारिज होने के बाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी, जिसे स्वीकार करते हुए हाईकोर्ट ने शुक्रवार को उक्त याचिका स्वीकार करते हुए ऐम्स, दिल्ली के डॉक्टरों के दल से भोपाल में दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने एवं उसकी रिकार्डिंग कराने के आदेश दिए. कोर्ट ने ट्विशा के शव को सुरक्षित करने का निर्देश भी दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि ट्विशा के नोयडा से आए मायके वालों ने मामले में ट्विशा से मारपीट और प्रताड़ित किये जाने और उसकी हत्या किये जाने के आरोप लगाए थे. उन्होंने सीएम से सीबीआइ जांच की मांग भी की थी. वहीं राज्यपाल से सास गिरिबाला को भोपाल जिला कंज्यूमर फोरम अध्यक्ष पद से हटाने की मांग भी की थी. इस पर उन्हें हटाने के आदेश जारी कर दिये गए हैं.







