जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के टाटानगर लॉबी परिसर में शुक्रवार को लोको रनिंग स्टाफ सह परिवार संग एक विशेष सेफ्टी सह पारिवारिक सेमिनार का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में 100 से अधिक लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, लोको निरीक्षक एवं उनके परिवार के सदस्य शामिल हुए. कार्यक्रम का उद्देश्य रनिंग कर्मचारियों के बीच सुरक्षा, संरक्षा एवं पारिवारिक सामंजस्य को मजबूत करना था.(नीचे भी पढ़े)

सेमिनार की अध्यक्षता सहायक मंडल विद्युत अभियंता पिनाकी विश्वास ने की. उन्होंने कहा कि रनिंग स्टाफ रेलवे की रीढ़ है और उनकी सुरक्षा एवं मानसिक शांति सर्वोच्च प्राथमिकता है.उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया.इस दौरान वरिष्ठ लोको निरीक्षक एसके गुप्ता ने परिवार में शांति, आपसी सामंजस्य और नौकरी में सुरक्षा के महत्व पर विस्तार से अपनी बातें रखीं. उन्होंने कहा कि जब परिवार खुशहाल रहता है तो कर्मचारी भी अपने कार्य को बेहतर ढंग से निभा पाते हैं.(नीचे भी पढ़े)
उनके प्रेरणादायी बातों को सुनकर उपस्थित रनिंग परिवारों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ अपनी सहमति जताई.इसके बाद लोको निरीक्षक केडी राव ने वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से सुरक्षा एवं संरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं. उन्होंने रनिंग स्टाफ को ड्यूटी के दौरान सतर्कता, तकनीकी सावधानियों एवं दुर्घटना रोकथाम के विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तार से बताया. उनकी बातों से कर्मचारी व उनके परिवार काफी प्रभावित हुए.सेमिनार में टाटानगर के अलावा आदित्यपुर से भी रनिंग कर्मचारी एवं लोको निरीक्षक शामिल हुए. (नीचे भी पढ़े)
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे, जिस पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया.अंत में टाटानगर के चालक नियंत्रक केपी जायसवाल ने सभा को संबोधित करते हुए सभी कर्मचारियों, अधिकारियों एवं परिवार के सदस्यों का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि रनिंग कर्मचारियों के सुख-दुख में विभाग हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा.







