बहरागोड़ा : प्रखंड की कुमारडुबी पंचायत अंतर्गत निरंजनपुर गांव में बिजली गुल होने के कारण पैदा हुई उमस ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं. रविवार की आधी रात को छत से गिरकर पांच वर्षीय मासूम विद्युत मुंडा की दर्दनाक मौत हो गई. बताया गया कि रात में बिजली नहीं रहने की वजह से उपेन मुंडा का पूरा परिवार घर की छत पर सोया हुआ था, तभी आधी रात को उनका इकलौता लाडला विद्युत अचानक नींद से जगा और नीचे जाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर छत से सीधे नीचे जा गिरा. (नीचे भी पढ़ें)

परिजन लहूलुहान हालत में उसे तुरत बहरागोड़ा अस्पताल ले गए, किन्तु बदकिस्मती से अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. इस हृदय विदारक घटना से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और सोमवार सुबह इस दुखद खबर को सुनकर सरस्वती शिशु मंदिर, पाटपुर दरखुली के शिक्षक रोहित कुइला, शक्ति कुमार साहू, गौरीशंकर गंड, राजेश कुइला एवं सुकुमार साहू सहित कई ग्रामीणों ने मृतक के घर पहुंचकर पीड़ित माता-पिता को ढाढस बंधाया और गहरी शोक संवेदना प्रकट की.







