गालूडीह : गालूडीह क्षेत्र के एक सबर बस्ती की 17 वर्षीय नाबालिग के गर्भवती होने का मामला सामने आया है. स्वास्थ्य जांच के दौरान गर्भावस्था की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जानकारी अनुमंडल अस्पताल घाटशिला के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शंकर टुडू को दी है. इस संबंध में स्वास्थ्यकर्मियों और ग्राम प्रधान की ओर से आवेदन भी दिया गया है. किशोरी ने बताया कि घाटशिला के माहलीडीह निवासी समाई सबर ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाया था. किशोरी के अनुसार, समाई करीब एक वर्ष तक सबर बस्ती में रहा. इसके बाद वह मजदूरी करने के लिए दूसरे राज्य चला गया. फिलहाल किशोरी अपने माता-पिता के साथ रह रही है. स्वास्थ्य विभाग को दिये आवेदन के अनुसार, किशोरी का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुतड़ु में पंजीकरण किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
गर्भावस्था की एएनसी जांच के लिए भी उसका पंजीकरण हो चुका है और प्रथम एएनसी जांच पूरी की जा चुकी है. अल्ट्रासाउंड जांच में प्रसव की संभावित तिथि 13 दिसंबर 2026 बतायी गयी है. मामले की सूचना अनुमंडल अस्पताल प्रशासन को देते हुए किशोरी की स्वास्थ्य देखभाल और आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया है. आवेदन पर सीएचओ शिप्रा जैसी, एएनएम शिखा सामंत, एमपीडब्ल्यू गोविंद रजक, स्वास्थ्य सहिया गीता गोप और ग्राम प्रधान सुशांत सिंह के हस्ताक्षर हैं. डॉ शंकर टुडू, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, अनुमंडल अस्पताल घाटशिला ने बताया कि मामले को लेकर आवेदन प्राप्त हुई है. जांच की जा रही है.




