रामगोपाल जेना,चक्रधरपुर:रेल नगरी चक्रधरपुर के लोको कॉलोनी क्षेत्र में बुधवार से सात दिवसीय मां शीतला उत्सव का श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ शुभारंभ हो गया. धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे रेलवे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है. उत्सव के पहले दिन माता के दर्शन और भव्य घटयात्रा में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी. श्रद्धालुओं ने मां शीतला की पूजा-अर्चना कर परिवार और समाज की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की.
बुधवार सुबह बालाजी मंदिर के पीछे स्थित तालाब के समीप विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया. खड़गपुर से आए प्रसिद्ध पुजारी पार्थ सारथी एवं उनके समूह ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया.(नीचे भी पढ़े)

इस दौरान आचार्यों ने विधि-विधान से हल्दी से माता शीतला की प्रतिमा का निर्माण कर प्राण-प्रतिष्ठा की.उत्सव के पहले दिन पांचमोड़ से निकाली गई भव्य घटयात्रा मुख्य आकर्षण रही. डफली और पारंपरिक गाजे-बाजे की धुन पर श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए. इस पावन घट को जागेश्रु साव, बी प्रशांत,अर्जुन साव,राकेश पतवा, एम योगेंद्र सहित बड़ी संख्या में कुंवारी युवतियों ने श्रद्धाभाव से अपने सिर पर उठाया. घटयात्रा पांचमोड़ से शुरू होकर रेलवे इंग्लिश मीडियम स्कूल, ऑफिसर्स क्लब, कांजी हाउस, ईस्ट कॉलोनी, बादाम चौक,आरई कॉलोनी और ड्राइवर कॉलोनी होते हुए लोको कॉलोनी स्थित पूजा पंडाल पहुंचकर संपन्न हुई. यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने माता के स्वरूप का स्वागत किया और जल व नीम के पत्ते अर्पित कर महामारी एवं बीमारियों से रक्षा की प्रार्थना की.(नीचे भी पढ़े)

शीतला माता पूजा समिति के आर श्रीकांत राव ने बताया कि लोको कॉलोनी में माता शीतला की पूजा की परंपरा वर्ष 1942 से लगातार चली आ रही है. यह आयोजन रेल कर्मियों और स्थानीय लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है. उन्होंने बताया कि अगले सात दिनों तक माता शीतला के विभिन्न स्वरूपों की पूजा, महाआरती और भोग वितरण का आयोजन किया जाएगा. महाउत्सव का समापन 2 जून की रात भव्य विसर्जन जुलूस के साथ होगा. पूरे आयोजन को सफल बनाने में पुजारी नित्यानंद पांडे, समेत सुधाकर, एम. श्रीनिवास राव, सी रोहित कुमार, श्याम यादव, रोशन रवानी, प्रदीप दास, अमित रवानी, बालकरण मुखी समेत पूजा समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.







