चक्रधरपुर: जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में भगवान बिरसा मुंडा राष्ट्रीय पुरस्कार 2026 से सम्मानित होकर लौटे ‘हो’भाषा के दो साहित्यकार डोबरो बुड़िउली और कशराई कुदादा का मंगलवार को चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया.दोनों साहित्यकारों के शहर पहुंचते ही स्थानीय लोगों और ‘हो’ भाषा प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला.सामाजिक कार्यकर्ता विजय सिंह सुम्बरुई के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए. इस दौरान लोगों ने दोनों साहित्यकारों को फूल-मालाएं पहनाकर गर्मजोशी के साथ उनका अभिनंदन किया और उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की.(नीचे भी पढ़े)
मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि दोनों साहित्यकारों ने अपनी प्रतिभा और निरंतर प्रयासों से न केवल ‘हो’भाषा को नई पहचान दिलाई है, बल्कि जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.आधुनिक इंडिया फाउंडेशन की ओर से जनजातीय संस्कृति, परंपरा और विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन में उत्कृष्ट योगदान के लिए डोबरो बुड़िउली और कशराई कुदादा को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है.दोनों विभूतियों की इस राष्ट्रीय उपलब्धि से पश्चिमी सिंहभूम जिले सहित पूरे जनजातीय समाज में हर्ष और गौरव का माहौल है. स्वागत समारोह में सामाजिक कार्यकर्ता अनवर हुसैन समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.












