चक्रधरपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने सोमवार को चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत जरूली-राजखरसावां रेलखंड के स्टेशनों का व्यापक निरीक्षण किया. रेलवे में सुरक्षा को पुख्ता करने, परिचालन दक्षता सुनिश्चित करने एवं जारी विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने के उद्देश्य से आयोजित उक्त निरीक्षण की शुरुआत श्री जैन ने सुबह 07:30 बजे जरुली से की, जिसके बाद उन्होंने जरुली-खरसावां रेल खंड का व्यापक सुरक्षा निरीक्षण किया. इस दौरान रेलवे बुनियादी ढांचे, ट्रैक और अन्य परिचालन व्यवस्थाओं की समग्र सुरक्षा का आकलन करने के साथ ही उन्होंने उक्त रेल खंड के स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की. (नीचे भी पढ़ें)

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने बुनियादी ढांचे और यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया. उन्होंने कार्यों को समय पर पूरा करने, काम की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने पर जोर दिया. निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक श्री जैन के साथ दक्षिण पूर्व रेल मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जबकि चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) और संबंधित शाखा अधिकारी जरूली में निरीक्षण दल के साथ शामिल हुए. (नीचे भी पढ़ें)

यह निरीक्षण रेलवे में सुरक्षा को मजबूत करने, परिचालन दक्षता बढ़ाने, यात्री सुविधाओं में सुधार करने और बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी लाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है.















