जमशेदपुर : जमशेदपुर में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष पहल की गई. जिला प्रशासन के अभियान के तहत मानगो नगर निगम के सभी निर्वाचित वार्ड पार्षदों को टाटा स्टील द्वारा संचालित कंपोस्ट प्लांट का भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें घरेलू कचरे को जैविक खाद में बदलने की आधुनिक प्रक्रिया की जानकारी दी गई. टाटा स्टील जू परिसर स्थित कंपोस्ट प्लांट में पहुंचे वार्ड पार्षदों ने कचरा प्रबंधन की पूरी प्रक्रिया को नजदीक से देखा. इस दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि घरों और रसोई से निकलने वाले गीले कचरे को वैज्ञानिक तरीके से प्रोसेस कर उपयोगी जैविक खाद में परिवर्तित किया जा सकता है. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को इस तकनीक से अवगत कराना और इसके प्रति आम लोगों में जागरूकता बढ़ाना था. इस अवसर पर जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, टाटा स्टील के अधिकारी तथा जिला प्रशासन के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे. अधिकारियों ने बताया कि यदि गीले और सूखे कचरे का स्रोत स्तर पर ही पृथक्करण किया जाए तो कचरे का बड़े पैमाने पर पुनः उपयोग संभव है और पर्यावरण प्रदूषण को भी प्रभावी रूप से कम किया जा सकता है. (नीचे भी पढ़ें)
उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन लोगों को गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चला रहा है. उन्होंने बताया कि मानगो क्षेत्र में भी इसी प्रकार का कंपोस्ट प्लांट स्थापित करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे, जिससे घरेलू कचरे को खाद में बदलकर उसका बेहतर उपयोग किया जा सके और स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिले.







