जमशेदपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना अंतर्गत चुना भट्ठा के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय कन्हैया दास की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार कन्हैया दास दवा लेने के लिए स्कूटी लेकर घर से निकला था. इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने पीछे से उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी.टक्कर इतनी भीषण थी कि कन्हैया गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. (नीचे भी पढ़े)
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. घटना से आक्रोशित परिजन आदित्यपुर थाना पहुंचे और दोषी ट्रैक्टर चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की. परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद भी आरोपी चालक के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है.परिवार के सदस्यों ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई तो वे कन्हैया दास के शव को मुख्य सड़क पर रखकर विरोध-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे. परिजनों ने प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई कर दोषी चालक को गिरफ्तार करने और न्याय दिलाने की मांग की है.







