जमशेदपुर: पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के विरोध में पत्रकार संगठनों के आंदोलन के बीच अब भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) भी खुलकर सामने आ गया है. शनिवार को भाजयुमो जमशेदपुर महानगर के जिलाध्यक्ष नितीश कुशवाहा के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया. धरना के बाद प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त के नाम चार सूत्री ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की. इस दौरान भाजयुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि एक संवेदनशील मामले से जुड़ी खबर प्रसारित करने के कारण पत्रकार अभिषेक भारती को कथित रूप से झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजा गया है. (नीचे भी पढ़ें)

संगठन ने इस कार्रवाई को पत्रकारिता की स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की आजादी और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बताया. भाजयुमो ने पुलिसिया कार्रवाई के कथित दोहरे मापदंड पर भी सवाल उठाए. नेताओं ने कहा कि दुष्कर्म के आरोपी विधायक जेल से बाहर हैं, जबकि मामले से जुड़ी खबर दिखाने वाले पत्रकार को जेल में रखा गया है. संगठन ने सवाल किया कि झारखंड में यह कैसा न्याय और कैसा कानून है.












