रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने झारखण्ड राज्य सूचना आयोग में सूचना आयुक्त के पद पर प्रभात खबर के पूर्व संपादक और पत्रकार अनुज कुमार सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल्य नीरज खलखो तथा शिवपूजन पाठक की नियुक्ति के संबंध में राज्य सरकार द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है. विदित हो कि राज्यपाल महोदय द्वारा उक्त नियुक्तियां कुछ शर्तों के साथ अनुमोदित की गई हैं. उन्होंने राज्य सरकार को निदेश दिया है कि झारखण्ड राज्य सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति शीघ्र सुनिश्चित की जाए, ताकि आयोग का कार्य सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संचालित हो सके. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना आयुक्तों की नियुक्ति की प्रक्रिया में यदि कोई प्रक्रियागत त्रुटि पाई जाती है अथवा इस संबंध में उच्चतम न्यायालय के आदेशों के अनुपालन से संबंधित कोई प्रश्न उत्पन्न होता है, तो उसकी संपूर्ण जवाबदेही राज्य सरकार की होगी. गौरतलब है कि सूचना आयुक्तों की नियुक्ति को लेकर राज्यपाल ने आपत्ति जतायी थी. इसको लेकर कड़ी आपत्ति जताने के बाद राज्यपाल ने फाइलों को लौटा दिया था. अब जाकर राज्यपाल ने इसकी मंजूरी दी है. (नीचे भी पढ़ें)
राज्यपाल द्वारा जिनको मंजूरी दी गयी है, उसमें पत्रकार और प्रभात खबर के पूर्व संपादक अनुज सिन्हा, अधिवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता तनुज खत्री, प्रशासनिक व सामाजिक क्षेत्र के चेहरे अमूल्य नीरज खलखो और सांगठनिक कार्यों में लगे रहे शिवपूजन पाठक शामिल है. झारखंड राज्य सूचना आयोग पिछले काफी समय से आयुक्तों के पदों की रिक्ति के कारण लगभग निष्क्रिय सा हो गया था. आयुक्तों के न होने से आरटीआई के तहत आने वाली हजारों द्वितीय अपीलों का निपटारा रुका हुआ था और मामलों का अंबार लग गया था. इन चार नई नियुक्तियों के बाद राज्य में सूचना के अधिकार कानून के क्रियान्वयन में तेजी आएगी. आम जनता को विभागों से समय पर जानकारी न मिलने की स्थिति में अब समय पर न्याय मिल सकेगा. इस सूची में पत्रकारिता, कानून, प्रशासन और सामाजिक-राजनीतिक पृष्ठभूमि के दिग्गजों को शामिल कर एक संतुलित पैनल बनाने का प्रयास किया गया है, ताकि आयोग का कामकाज पारदर्शी और प्रभावी तरीके से चल सके. राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग द्वारा जल्द ही इस संबंध में औपचारिक अधिसूचना जारी की जाएगी. इसके बाद तय प्रक्रिया के तहत इन सभी नवनियुक्त सूचना आयुक्तों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी. शपथ ग्रहण के दिन से ही इनका कार्यकाल शुरू हो जाएगा, जिससे राज्य में पारदर्शिता और सुशासन को और मजबूती मिलेगी.







