जमशेदपुर : बेरोजगार युवाओं के लिए गुरुवार को गोलमुरी स्थित प्रादेशिक अवर नियोजनालय में एक दिवसीय भर्ती कैंप का आयोजन किया गया. श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस कैंप में टाटा मोटर्स से जुड़ी ई डिजिटल इंडिया एवं वी ग्लोबल सर्विसेज प्रालि (एयरटेल प्रोजेक्ट) ने हिस्सा लिया. (नीचे भी पढ़ें)

इसके लिए आयोजित मेगा जॉब कैंप में भर्ती कैंप में कुल 500 पदों के लिए युवाओं का चयन किया गया. इसमें ई डिजिटल इंडिया ने एनएपीएस ट्रेनीज के 400, जबकि वी ग्लोबल सर्विसेज की ओर से इंस्टॉलेशन इंजीनियर एवं वायरमेन के 100 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आयोजित की. (नीचे भी पढ़ें)
मेगा जॉब कैंप में सुबह से ही बड़ी संख्या में युवा अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, बायोडाटा और अन्य दस्तावेजों के साथ नियोजनालय पहुंचे. कैंप में 10वीं, 12वीं, आइटीआइ, डिप्लोमा और स्नातक योग्यता धारी अभ्यर्थियों ने भाग लिया. कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच कर इंटरव्यू और चयन प्रक्रिया पूरी की. भर्ती कैंप को लेकर युवाओं में काफी उत्साह दिखाई दिया. कई अभ्यर्थियों ने इसे रोजगार पाने का बेहतर अवसर बताया. (नीचे भी पढ़ें)
श्रम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि ऐसे भर्ती कैंपों का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध करा कर बेरोजगारी कम करना है. भविष्य में भी इसी तरह के रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता रहेगा.







