जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उलीडीह ओपी क्षेत्र के डिमना चौक के पास एक युवक को देसी पिस्तौल और जिंदा गोली के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने हथियार उपलब्ध कराने वाले दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस को 18 जून को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नीले रंग की आर-15 मोटरसाइकिल पर अवैध आग्नेयास्त्र लेकर घूम रहा है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है. सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक पटमदा के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक को पकड़ लिया. (नीचे भी पढ़ें)
तलाशी में उसके पास से 7.65 एमएम का एक देशी पिस्तौल और एक जिंदा गोली बरामद हुई. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह पिस्तौल अपने साथी अभिषेक दास से 30 हजार रुपये में खरीदी थी. इसके बाद पुलिस ने हथियार सप्लायर को भी गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कपाली के तामोलिया निवासी अभिषेक कुमार उर्फ एसआरके (26 वर्ष) और उलीडीह शंकोसाई रोड नंबर 4 के रहने वाले अभिषेक दास (25 वर्ष) के रूप में हुई है.
फिलहाल दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.






