
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार हिंसा मामले के बाद जिले की कानून-व्यवस्था की समीक्षा को लेकर बुधवार को वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम कार्यालय सभागार में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस महानिदेशक (दक्षिण छोटानागपुर प्रक्षेत्र) मनोज कौशिक ने की. इस दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक, कोल्हान, चाईबासा भी उपस्थित रहे. बैठक में ही जमशेदपुर के नए एसएसपी एहतेशाम वकारिब ने अपना योगदान दिया औऱ अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया. (नीचे देखे पूरी खबऱ)

बैठक में नव पदस्थापित वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एहतेशाम वकारिब, पुलिस अधीक्षक (नगर एवं ग्रामीण), जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक तथा शहरी क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी शामिल हुए. बैठक के दौरान बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार हिंसा मामले के परिप्रेक्ष्य में विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई. साथ ही जिले की वर्तमान कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) मनोज कौशिक ने सभी पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने, संवेदनशील स्थलों पर सतर्क निगरानी रखने तथा आमजन की सुरक्षा एवं शांति बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सक्रिय एवं प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया.






