जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित पीएम आवास योजना की नौवीं मंजिल से गिरकर 13 वर्षीय सचिन मुर्मू की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. इस मामले में मृतक के पिता मांगस मुर्मू की शिकायत पर पुलिस ने सचिन के दो नाबालिग दोस्तों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है. शिकायत में पिता ने आरोप लगाया है कि दोनों नाबालिग दोस्त सचिन को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे. (नीचे देखे पूरी खबर)

उन्होंने कहा कि सचिन उनके साथ जाना नहीं चाहता था और उसकी मां उसे अपने साथ दुकान ले जाने वाली थी, लेकिन दोस्तों के दबाव में वह उनके साथ चला गया. पिता ने आशंका जताई है कि खेल-खेल में सचिन को नौवीं मंजिल से धक्का दे दिया गया होगा. उनका कहना है कि जिस स्थिति में घटनास्थल से सचिन का शव बरामद हुआ, वह सामान्य हादसे के बजाय हत्या की ओर इशारा करता है. (नीचे देखे पूरी खबर)

उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. रविवार को एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सचिन के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ ले गए. बिरसानगर थाना प्रभारी ने बताया कि पिता की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. फिलहाल जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.















