जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना अंतर्गत खूंटाडीह बड़तल्ला में ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर 21 वर्षीय अजय कुमार यादव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना रविवार शाम 6 बजे की है. मृतक के मामा रिंकू यादव ने बताया कि रविवार शाम अजय ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. उन्हें लगा वह बच जाएगा. इसलिए तुरंत उसे परिजनों के सहयोग से फंदे से उतारकर टीएमएच लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक गम्हरिया के निजि कंपनी में काम करता था. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों का आरोप है कि उसे कदमा की रहने वाली युवती द्वारा लागातार शादी का दबाव बनाकर ब्लैकमेलिंग और टॉर्चर किया जाता था. मृतक के फोन में युवती का कॉल रिकॉर्डिंग भी है. परिजनों ने युवती द्वारा युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप भी लगाया है. उनका कहना है कि इसी मानसिक तनाव से परेशान होकर युवक ने आत्महत्या कर ली. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल में जुट गयी है.




