चाईबासा / रामगोपाल जेना : हाल के दिनों में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में निरीक्षण एवं की जा रही कार्रवाई के परिप्रेक्ष्य में सोमवार को चाईबासा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज का एक प्रतिनिधिमंडल जिला फूड सेफ्टी ऑफिसर धनेश्वर हेम्ब्रम से मिला. प्रतिनिधिमंडल ने जिले के खाद्य व्यवसायियों से संबंधित विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन को लेकर विस्तार से चर्चा की. प्रतिनिधिमंडल में चैंबर के अध्यक्ष संजय चौबे, निवर्तमान अध्यक्ष मधुसूदन अग्रवाल, संयुक्त सचिव गोविंदा खेतान एवं विवेक कुमार सिन्हा उपस्थित थे.
बैठक के दौरान चेम्बर के प्रतिनिधियों ने कहा कि खाद्य सुरक्षा कानून का पालन प्रत्येक खाद्य व्यवसायी की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए. साथ ही यह अनुरोध किया गया कि जिन मामलों में गंभीर अनियमितता न हो, वहां विभाग द्वारा समय-समय पर जागरूकता अभियान, मार्गदर्शन एवं सुधार का अवसर भी प्रदान किया जाए, ताकि छोटे एवं मध्यम स्तर के व्यापारी नियमों की सही जानकारी प्राप्त कर स्वयं को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार कर सकें. (नीचे भी पढ़ें)
इस पर फूड सेफ्टी ऑफिसर धनेश्वर हेम्ब्रम ने कहा कि यदि खाद्य व्यवसायी स्वयं नियमों के प्रति सजग एवं जिम्मेदार रहेंगे, तो कार्रवाई की नौबत ही नहीं आएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा का विषय सीधे आमजन के स्वास्थ्य से जुड़ा है, इसलिए इसमें मानवीय आधार पर भी किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जा सकती. उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री लोगों तक पहुंचाना तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराना है. बैठक में यह भी चर्चा हुई कि सभी खाद्य प्रतिष्ठानों को अपने यहां स्वच्छता के उच्च मानकों का पालन करना चाहिए. भोजन बनाने एवं परोसने वाले कर्मचारियों द्वारा ग्लव्स (दस्ताने) एवं हेयर नेट कैप का उपयोग किया जाए, रसोई एवं प्रतिष्ठान की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्थिति में एक्सपायरी खाद्य सामग्री का उपयोग अथवा भंडारण न किया जाए. (नीचे भी पढ़ें)
चाईबासा चैंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज ने जिले के सभी खाद्य व्यवसायियों—विशेषकर होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकान, बेकरी, फास्ट फूड सेंटर, किराना, डेयरी एवं अन्य खाद्य पदार्थों के विक्रेताओं से अपील की है कि वे खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता के सभी मानकों का पूर्ण रूप से पालन करें. ग्राहकों का स्वास्थ्य एवं विश्वास ही किसी भी व्यवसाय की सबसे बड़ी पूंजी है. चेम्बर ने विश्वास व्यक्त किया कि विभाग एवं व्यापारिक संगठनों के बीच निरंतर संवाद, जागरूकता कार्यक्रम तथा सहयोगात्मक प्रयासों से जिले में खाद्य सुरक्षा के प्रति बेहतर वातावरण तैयार होगा, जिससे उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध होगी और व्यवसायी भी अनावश्यक कठिनाइयों से बचते हुए नियमों का प्रभावी ढंग से पालन कर सकेंगे.




