जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची गोलचक्कर पर सोमवार को सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) के बैनर तले एकदिवसीय भूख हड़ताल का आयोजन किया गया. प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज का विरोध करने के साथ किसानों के समर्थन और प्रस्तावित भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ आवाज उठाई. इस दौरान केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर प्रदर्शनकारियों ने जमकर विरोध जताया. (नीचे भी पढ़ें)
वक्ताओं ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई कथित कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है. उन्होंने किसानों की विभिन्न मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से उनकी समस्याओं का गंभीरता से समाधान करने की मांग की. साथ ही भारत-अमेरिका ट्रेड डील का विरोध करते हुए कहा गया कि ऐसे समझौतों का कृषि और डेयरी क्षेत्र पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है. प्रदर्शनकारियों ने किसानों के हितों को प्राथमिकता देने की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने सरकार से लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की अपील की. भूख हड़ताल में सिख समाज की ओर से सरदार शैलेंद्र सिंह, अवतार सिंह, इंदर सिंह, महेंद्रपाल सिंह, हरभजन सिंह समेत सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी, विभिन्न गुरुद्वारों के प्रधान और बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए. प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई.




