रांची / जमशेदपुर : झारखंड में अगले पांच दिन मानसून सक्रिय रहे. पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक वर्षा कोल्हान के तीनों प्रखंड में दर्ज की गयी है. इस दौरान पश्चिम सिंहभूम के झिकपानी में 61.4 मिमी, पूर्वी सिंहभूम में 31.8 मिमी और सरायकेला खरसावां में 7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गयी. सोमवार सुबह से तिखि धूप खिली है. वहीं दोपहर बाद फिर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम केंद्र का पूर्वानुमान है कि बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव (डिप्रेशन) के प्रभाव से झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम सक्रिय रहने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के अनुसार, 31 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन की संभावना है. इस दौरान वज्रपात भी हो सकते हैं, साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. दक्षिणी और मध्य झारखंड के कई जिलों में 27-28 जुलाई को कहीं-कहीं भारी वर्षा भी हो सकती है. (नीचे भी पढ़ें)
27 जुलाई को इन जिलो में भारी बारिश का अलर्ट : मौसम विभाग के अनुसार राज्य के सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला खरसावां जिले में भारी बारिश का अलर्ट है. वहीं खूंटी, रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, हजारीबाग, गुमला, लोहरदगा में भी हल्की बारिश की संभावना है.
28 जुलाई को इन जिलों में भारी अलर्ट : कोल्हान समेत खूंटी, सिमडेगा, रांची, लोहरदगा, गुमला, लातेहार, हजारीबाग, चतरा, पलामू और सिमेडेगा में भी भारी बारिश का अलर्ट है.




