गालूडीह: गालूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बाघुड़िया पंचायत के चाड़री गांव में मलेरिया के बढ़ते प्रकोप से ग्रामीणों में भय का माहौल है. गांव में कई लोगों के मलेरिया से पीड़ित होने की जानकारी सामने आई है. ग्रामीणों के अनुसार, बासंती हांसदा (15), हेमाल टुडू (13) और सोनामनी टुडू (60) समेत गांव के कई लोग मलेरिया की चपेट में हैं. सोनामनी टुडू की तबियत ज्यादा बिगड़ने के कारण उनको अनुमंडल अस्पताल घाटशिला में भर्ती कराया गया है. लगातार लोगों के बीमार पड़ने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है. ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में गांव में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है. इसके साथ ही कई लोगों में बुखार और मलेरिया जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं. ग्रामीणों को आशंका है कि समय पर जांच और इलाज नहीं होने पर बीमारी और अधिक फैल सकती है. गांव में मलेरिया के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग से तत्काल जांच अभियान चलाने और सभी संदिग्ध मरीजों की जांच कराने की मांग उठ रही है. मालूम हो कि शनिवार को चाड़री गांव निवासी मदरा टुडू और सरस्वती टुडू की 15 वर्षीय पुत्री देवला टुडू की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी. (नीचे भी पढ़ें)
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में ताला रहने का आरोप : ग्रामीणों ने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई है. ग्रामीणों का आरोप है कि गुड़ाझोर स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में चिकित्सक प्रतिदिन नियमित रूप से नहीं बैठते हैं. कई बार केंद्र पर ताला लटका रहता है, जिसके कारण ग्रामीणों को इलाज और स्वास्थ्य जांच के लिए गांव से दूर निजी अस्पतालों में जाना पड़ता है. ग्रामीणों का कहना है कि मलेरिया जैसी बीमारी के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य केंद्र के नियमित रूप से संचालित नहीं होने से परेशानी और बढ़ गई है. ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से चाड़री गांव में तत्काल मलेरिया जांच एवं जागरूकता शिविर लगाने, प्रभावित लोगों की जांच कराने तथा जरूरतमंद मरीजों को उचित इलाज उपलब्ध कराने की मांग की है. साथ ही गुड़ाझोर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है. ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में गांवों में मलेरिया का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को समय रहते आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि बीमारी को फैलने से रोका जा सके और ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें.




