जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भालूबासा में दिनदहाड़े एक छात्र से मोबाइल छिनतई की घटना सामने आई है. ट्यूशन से साइकिल पर घर लौट रहे छात्र से दो बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए. जानकारी के अनुसार, छात्र ट्यूशन समाप्त कर साइकिल से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक उसके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया. घटना इतनी तेजी से हुई कि छात्र कुछ समझ पाता, उससे पहले ही दोनों आरोपी बाइक लेकर फरार हो गए.
घटना के बाद छात्र ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है. दिनदहाड़े हुई इस छिनतई की घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.




