गालूडीह: पूर्वी सिंहभूम जिला के एमजीएम थाना क्षेत्र के नारगा के पास दलदली पंचायत के बड़ारडीह-कोड़िया और घुटीया बॉर्डर स्थित सातघोरा नदी पर लंबे समय से पुल निर्माण कार्य चल रहा है. लेकिन निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं होने से आसपास के ग्रामीणों की परेशानी कम होने के बजाय लगातार बढ़ती जा रही है. बारिश के बाद निर्माण स्थल के आसपास की जमीन दलदल में तब्दील हो गयी है. ऐसे में ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से आवागमन करना पड़ रहा है. ग्रामीणों के अनुसार, निर्माण स्थल पर सुरक्षित वैकल्पिक रास्ते की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से लोगों को कीचड़ और दलदल से होकर गुजरना पड़ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

दोपहिया वाहन चालक अक्सर फिसलकर गिर रहे हैं, जबकि पैदल चलने वाले ग्रामीणों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि दलदल के कारण कई लोग दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं. उक्त सड़क मार्ग से प्रतिदिन हजारों ग्रामीण आना जाना करते हैं. ग्रामीणों को बाजार, स्कूल, अस्पताल और अन्य जरूरी कामों के लिए इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है. पुल का निर्माण जल्द पूरा होने की उम्मीद थी, लेकिन काम की धीमी गति से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से निर्माण कार्य में तेजी लाने, निर्माण स्थल पर तत्काल सुरक्षित वैकल्पिक रास्ता बनाने तथा दलदल को दुरुस्त करने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घट सकती है.




