आदित्यपुर : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित गुलेरिया इंजीनियरिंग कंपनी में गुरुवार को हुए भीषण सिलेंडर ब्लास्ट से अफरा-तफरी मच गई. हादसे में एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि चार अन्य मजदूर भी घायल हुए हैं. सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) भेजा गया, जहां गंभीर रूप से झुलसे मजदूर की हालत चिंताजनक बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री परिसर में अचानक जोरदार धमाका हुआ. विस्फोट की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद वहां काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, हादसा सिलेंडर ब्लास्ट के कारण हुआ है. हालांकि सिलेंडर में विस्फोट किस वजह से हुआ, यह स्पष्ट नहीं हो सका है. गैस रिसाव, तकनीकी खराबी या अन्य कारणों की जांच की जा रही है. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने फैक्ट्री प्रबंधन से घटना की जानकारी लेते हुए सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच शुरू कर दी है. जांच पूरी होने के बाद हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है.




