सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. मामले का खुलासा गुरुवार को पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने प्रेस वार्ता में किया. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सरायकेला थाना में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले की जांच के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया था. टीम ने तकनीकी, वैज्ञानिक एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह का सफलतापूर्वक खुलासा किया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अख्तर अंसारी उर्फ तेजा (26), करण बास्के (22) और कृष्णानाथ उर्फ दुख (22) के रूप में हुई है. पूछताछ में तीनों ने मोटरसाइकिल चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. (नीचे भी पढ़ें)
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल (जेएच-22एफ-8686) और चार अन्य बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद कर जब्त कर ली हैं.
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने सरायकेला-खरसावां सहित आसपास के कई जिलों से मोटरसाइकिलों की चोरी की थी. पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और अन्य चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह के तार अन्य जिलों से भी जुड़े हो सकते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुख्य आरोपी अख्तर अंसारी उर्फ तेजा के खिलाफ झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में चोरी, घर में घुसकर चोरी तथा शस्त्र अधिनियम के कई मामले दर्ज हैं. वहीं करण बास्के के विरुद्ध भी सरायकेला और गम्हरिया थाना में वाहन चोरी तथा चोरी के सामान की खरीद-बिक्री से संबंधित कई मामले दर्ज हैं. फिलहाल गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.




