जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से 9.2 किलोग्राम गांजा, 31,360 रुपये नकद, एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक मोटरसाइकिल जब्त की है. गिरफ्तार आरोपियों में एमजीएम थाना क्षेत्र के बेको निवासी मंतोष महतो उर्फ बुधू महतो (38), पुरुलिया जिले के बंदवान गंगामन्ना निवासी शंभू गोराई (58) और प्राण कृष्ण गोराई (53) शामिल है. पुलिस के अनुसार 29 जुलाई को मिली गुप्त सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन एवं पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक दयानंद कुमार के नेतृत्व में एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास और उनकी टीम ने छापेमारी की. (नीचे भी पढ़ें)
छापेमारी के दौरान बेको गांव निवासी मंतोष महतो उर्फ बुधू महतो (38) के घर की तलाशी ली गई. वहां से 7.2 किलोग्राम गांजा, 6,400 रुपये नकद और एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया. पूछताछ में मंतोष ने स्वीकार किया कि वह पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से गांजा लाकर अपने घर में छिपाता था और स्थानीय क्षेत्रों में उसकी अवैध बिक्री करता था. उसने पुलिस को यह भी बताया कि बंदवान से दो तस्कर गांजा लेकर उसके घर आने वाले हैं. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना के आधार पर पुलिस ने बेको से छोटाबांकी गांव जाने वाले मार्ग पर जाल बिछाकर दो अन्य तस्करों में शंभू गोराई (58) और पश्चिम बंगाल पुरुलिया के बंदवान निवासी प्राण कृष्ण गोराई (53) को मोटरसाइकिल समेत पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से 2 किलोग्राम गांजा और गांजा बिक्री की 24,960 रुपये नकद राशि बरामद की गई. इस कार्रवाई में कुल 9.2 किलोग्राम गांजा, 31,360 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक जियो कीपैड फोन और एक टचस्क्रीन मोबाइल फोन जब्त किया गया. फिलहाल तीनों तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.




