जमशेदपुर : एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में गुरुवार को दिवंगत जूनियर डॉक्टर डॉ. समीर कुमार और डॉ. सक्षम सिंह की स्मृति में शोकसभा आयोजित की गई. इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने दोनों दिवंगत चिकित्सकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की. (नीचे भी पढ़ें)
शोकसभा में एमजीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ संजय कुमार समेत सभी विभागाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य, चिकित्सक, जूनियर डॉक्टर, मेडिकल छात्र-छात्राएं और अस्पताल के कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए. सभी ने दोनों युवा डॉक्टरों के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं. मौजूद लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की. श्रद्धांजलि सभा के दौरान पूरे परिसर में शोक का माहौल रहा और सभी ने नम आंखों से दोनों दिवंगत चिकित्सकों को अंतिम श्रद्धांजलि दी.




