जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के कालीमाटी स्थित स्काइलॉन होटल में गुरुवार शाम पुलिस ने छापेमारी कर तीन लोगों को हिरासत में लिया. पुलिस ने होटल के कमरा नंबर 201 और 202 में कार्रवाई करते हुए तीनों को पकड़ा. हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान लिंडा, सोनू और बिट्टू के रूप में हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जा रहा है कि तीनों रांची के रातू क्षेत्र के रहने वाले हैं और पिछले करीब तीन महीने से होटल में ठहरे हुए थे. पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीनों के लंबे समय से होटल में ठहरे होने को लेकर संदेह पैदा हुआ था. इसी आधार पर पुलिस ने होटल में छापेमारी की और तीनों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया. पुलिस फिलहाल उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे जमशेदपुर में किस उद्देश्य से ठहरे हुए थे और होटल में इतने लंबे समय तक रहने की वजह क्या थी. (नीचे भी पढ़ें)

हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी या पुष्टि नहीं की गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हिरासत में लिए गए लोगों की किसी मामले में भूमिका है या नहीं.




