जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के कलियाडीह कैनाल से 26 जुलाई को बरामद महिला के शव मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि मृतका उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी. इसी से परेशान होकर उसने उसकी हत्या कर शव को केनाल में फेंक दिया. पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई की सुबह करीब 8:20 बजे कलियाडीह केनाल में एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी. सूचना पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. शव की पहचान जुगसलाई बंगालीपाड़ा निवासी 45 वर्षीय किरण देवी के रूप में हुई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआइटी) का गठन किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर छोटा बांदुआ, पोटका निवासी दासमत बास्के की संलिप्तता सामने आई. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि किरण देवी लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रही थीं. इससे परेशान होकर उसने उनकी हत्या कर दी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को कलियाडीह कैनाल में फेंक दिया. (नीचे भी पढ़ें)
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टीवीएस स्कूटी, काला टी-शर्ट, गुलाबी रंग का थैला तथा बैंगनी रंग का छींटदार ट्राउजर बरामद किया है. इस मामले के खुलासे में पुलिस उपाधीक्षक सुमीत कुमार, परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार तथा विशेष जांच टीम के अन्य पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की अहम भूमिका रही. पुलिस ने आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय में प्रस्तुत करने की तैयारी शुरू कर दी है.







