आदित्यपुर: सरायकेला खरसावां जिले के औद्योगिक क्षेत्र में अवैध स्क्रैप कारोबार के खिलाफ आदित्यपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्क्रैप लदे दो मालवाहक वाहनों को जब्त किया है. मामले में दोनों चालकों को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. वहीं, वाहन मालिकों और स्क्रैप कारोबार से जुड़े अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर गश्ती दल को गुप्त सूचना मिली थी कि आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया और आसपास के क्षेत्रों में बिना वैध दस्तावेजों तथा कथित फर्जी कागजात के आधार पर स्क्रैप की अवैध ढुलाई की जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने मेकर्स कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड परिसर के समीप छापेमारी की. छापेमारी के दौरान स्क्रैप लदे 407 वाहन (जेएच-05एएल-6047) और एक छोटा हाथी वाहन (जेएच-05एयू-4216) को रोककर जांच की गई. (नीचे भी पढ़ें)
जांच में दोनों चालक स्क्रैप परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया. पुलिस ने टेल्को थाना क्षेत्र के जमको मछुआ बस्ती निवासी बबलू कुमार (28) और आरआईटी थाना क्षेत्र के आदित्यपुर-दो, बनता नगर निवासी संतोष सरदार (27) को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दोनों वाहनों के मालिकों और संबंधित कंपनी संचालक के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है. रविवार को दोनों आरोपित चालकों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि अवैध स्क्रैप कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि औद्योगिक क्षेत्र में अवैध स्क्रैप कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.















