जमशेदपुर: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह बस्ती में रविवार को आपसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया. पुराने विवाद को लेकर एक टाटा स्टील के कर्मचारी पर उसके साले ने चापड़ से हमला कर दिया. हमले में 45 वर्षीय राजेन पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें परिजनों ने तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है. वहां से उसे बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया है. जानकारी के अनुसार, राजेन पांडे बारीडीह बस्ती के निवासी हैं और टाटा स्टील (टिस्को) में कार्यरत हैं. आरोप है कि रविवार को उनका साला किसी बात को लेकर उनके घर पहुंचा और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने चापड़ निकालकर राजेन पांडे के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया. गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े. घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई. स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल को तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. इधर, घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से जानकारी जुटाई है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. परिजनों का कहना है कि दोनों के बीच काफी समय से आपसी विवाद चल रहा था, जिसके चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया. वहीं पुलिस का कहना है कि घायल का बयान दर्ज होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है.




