रांची : झारखंड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़े गैंगस्टर सुजीत सिन्हा को मार गिराया है. झारखंड का कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा रविवार रात जामताड़ा जिले में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया. जानकारी के अनुसार, उसे साहिबगंज मंडल कारा से धनबाद जेल शिफ्ट किया जा रहा था. कैदी वैन जब जामताड़ा क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी सुजीत सिन्हा ने शौच जाने की बात कही. वाहन रुकते ही उसने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और भागने का प्रयास करते हुए पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. (नीचे भी पढ़ें)

जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. सुजीत सिन्हा को सुरक्षा और प्रशासनिक कारणों से 9 अक्टूबर 2025 को मेदिनीनगर केंद्रीय कारा से साहिबगंज मंडल कारा स्थानांतरित किया गया था. यह निर्णय पलामू पुलिस और जेल प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर लिया गया था. (नीचे भी पढ़ें)
मेदिनीनगर के रेडमा निवासी सुजीत सिन्हा का आपराधिक नेटवर्क झारखंड के कई जिलों में फैला हुआ था. उसके खिलाफ रांची, हजारीबाग, लातेहार, चतरा, रामगढ़ और पलामू सहित विभिन्न जिलों में 60 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे. इनमें हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और संगठित अपराध से जुड़े कई गंभीर मामले शामिल थे. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.




