जमशेदपुर : जमशेदपुर में चोरी, छिनतई और लूट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. ताजा मामला गोलमुरी थाना क्षेत्र के पलार रोड स्थित क्वार्टर नंबर-47 का है, जहां बंद पड़े घर को निशाना बनाकर चोरों ने आभूषण, बर्तन और अन्य सामान की चोरी कर ली. इस संबंध में न्यू सीतारामडेरा जीएल चर्च स्कूल रोड निवासी वीवी सत्यनारायण की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ गोलमुरी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. घटना 2 अगस्त की बताई जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि घटना के दिन घर बंद था. वापस लौटने पर देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे. इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी. गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में करीब 20 से 25 हजार रुपये मूल्य की चोरी होने की बात सामने आई है. पुलिस मामला दर्ज कर चोरों की तलाश में जुटी है.




