सरायकेला : झारखंड में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरायकेला पुलिस और सीआरपीएफ को बड़ी सफलता मिलने की सूचना है. विश्वसनीय पुलिस सूत्रों के अनुसार संयुक्त अभियान में कुल 22 लाख रुपये के तीन इनामी नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है. हालांकि इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस मुख्यालय की ओर से नहीं की गई है. सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार नक्सलियों में 15 लाख रुपये का इनामी मदन महतो, 5 लाख रुपये का इनामी रवि सरदार तथा उसकी पत्नी मीणा शामिल हैं. तीनों प्रतिबंधित नक्सली संगठन से जुड़े बताए जा रहे हैं और लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की वांछित सूची में थे. जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान कांड्रा थाना क्षेत्र के उदयपुर से रवि सरदार, जबकि चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा से मदन महतो और मीणा को गिरफ्तार किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

अभियान को पूरी तरह गोपनीय रखा गया ताकि नक्सलियों को इसकी भनक न लग सके. सूत्रों का दावा है कि गिरफ्तार नक्सलियों के कब्जे से एक एके-47 राइफल, एक पिस्टल, कारतूस, अन्य हथियार तथा नक्सली गतिविधियों से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए हैं. सुरक्षा एजेंसियां तीनों से पूछताछ कर संगठन के शेष नेटवर्क, हथियारों के ठिकानों और सहयोगियों के संबंध में जानकारी जुटा रही हैं. सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार गिरफ्तारियों, मुठभेड़ों और आत्मसमर्पण के कारण झारखंड में नक्सली संगठन काफी कमजोर हो चुका है. ऐसे में यह कार्रवाई नक्सल नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है.




