जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित पुराने कोर्ट के समीप बुधवार को एक तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए. घायल की पहचान डिमना निवासी अमन गुप्ता के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी सड़क पर काफी दूर तक घिसट गई, जबकि अमन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. स्थानीय लोगों ने तुरंत उसकी मदद की और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी. सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है तथा उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)

हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने जल्द ही सामान्य करा दिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ, इसकी जांच की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके.







