जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत डेमडुबी स्थित सुल्तान दुकान के समीप मई माह में दिनदहाड़े माइक्रो फाइनांस कंपनी के कर्मचारी से हथियार के बल पर करीब 1.65 लाख रुपये की लूट के मामले में कपाली पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने कांड में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.(नीचे भी पढ़े)
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान 31 वर्षीय मोहम्मद शाहिद अंसारी के रूप में हुई है. वह कपाली के गौसनगर फुटबॉल मैदान के समीप का रहने वाला है. पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
पुलिस के अनुसार, इस मामले में इससे पहले मुख्य आरोपी तारिक कुरैशी को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. इसके बाद से पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी. इसी अभियान के दौरान शाहिद अंसारी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली.(नीचे भी पढ़े)
ओपी प्रभारी ने बताया कि लूटकांड की जांच अभी जारी है और मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.इस कार्रवाई में सब-इंस्पेक्टर हीरालाल मुंडू सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. कपाली पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा.




