चाईबासा: सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल, चाईबासा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए चयनित छात्र परिषद के पदाधिकारियों का अलंकरण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य सह एआरओ ओपी मिश्रा द्वारा छात्र परिषद के सदस्यों को बैज एवं सैश पहनाकर किया गया. तत्पश्चात् विद्यार्थियों द्वारा अनुशासित मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया गया. इस मौके पर वैदिक हवन यज्ञ का भी आयोजन किया गया. इस अवसर पर विद्यालय के हेड बॉय के रूप में मास्टर ऋषु सिंह तथा हेड गर्ल के रूप में कुमारी अंशिका कुमारी अग्रवाल को दायित्व सौंपा गया. डिप्टी हेड बॉय के रूप में मास्टर आयुष सिन्हा एवं डिप्टी हेड गर्ल के रूप में कुमारी प्रियाशा केशरी को अलंकृत किया गया.(नीचे भी पढ़े)

इसी प्रकार स्पोर्ट्स कैप्टन के रूप में मास्टर दिव्यांश यादव और कुमारी संजना कुरली, डिप्टी स्पोर्ट्स कैप्टन के रूप में मास्टर परिकेत अग्रवाल और कुमारी वर्षा शर्मा, कल्चरल सेक्रेटरी के रूप में मास्टर सोहम मैती तथा कुमारी विशिष्ठा पांडेय को उनके पदों की जिम्मेदारियां सौंपी गईं. प्राचार्य सह एआरओ ओपी मिश्रा ने कहा कि ,नेतृत्व केवल अधिकार प्राप्त करना नहीं, बल्कि अनुशासन, सेवा, उत्तरदायित्व और उत्कृष्ट आचरण के माध्यम से दूसरों के लिए प्रेरणा बनना है. छात्र परिषद के सदस्य विद्यालय की गरिमा बनाए रखते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें तथा अपने साथियों के लिए आदर्श प्रस्तुत करें.कार्यक्रम में चयन समिति के सदस्यों एवं समस्त शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही. अंत में नव-निर्वाचित छात्र परिषद के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दी गईं तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की गई. विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि नवगठित छात्र परिषद् अपने नेतृत्व, अनुशासन एवं समर्पण से विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. मंच संचालन शिक्षिका ईशिका कुमारी एवं विजय लक्ष्मी बास्के ने किया.







