जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह तालाब में गुरुवार शाम छलांग लगाने वाले अज्ञात व्यक्ति का शव शुक्रवार सुबह 10 बजे बरामद कर लिया गया. घटना के बाद से पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार तालाब में उसकी तलाश कर रही थी. रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद शुक्रवार सुबह शव पानी से बाहर निकाला गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति गुरुवार शाम धतकीडीह तालाब पहुंचा था. बताया जा रहा है कि उसने वहां मौजूद एक युवती से अपना मोबाइल नंबर लिखवाया. इसके बाद वह तालाब की रेलिंग पार कर पानी की ओर चला गया और कुछ देर बाद अपनी चप्पल उतारी और अचानक तालाब में छलांग लगा दी. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तालाब में खोजबीन शुरू कराई. शुक्रवार सुबह शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस उसकी पहचान कराने के साथ घटना की परिस्थितियों की जांच में जुटी है.




