जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे कपाली के मिल्तनगर में लगातार हुई मूसलाधार बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां बारिश के कारण एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया. हादसे के वक्त घर के अंदर मौजूद तीन महिलाएं मलबे की चपेट में आकर घायल हो गईं, जबकि दो बच्चे बाल-बाल बच गए. (नीचे भी पढ़ें)

घायलों की पहचान 62 वर्षीय हसीना बानो, 45 वर्षीय नाजनीन बानो और 25 वर्षीय मुस्कान के रूप में हुई है. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मलबे से तीनों महिलाओं को बाहर निकाला और इलाज के लिए टीएनबी नर्सिंग होम पहुंचाया जहां उनका इलाज चल रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलते ही कपाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. (नीचे भी पढ़ें)
बारिश को देखते हुए इस समय बेहद जरूरी है कि प्रशासन लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जर्जर और कच्चे मकानों का जल्द से जल्द सर्वे कराए. खासकर निचले इलाकों में रहने वाले परिवारों की स्थिति का जायजा लेकर जरूरतमंद लोगों के लिए राहत और सुरक्षित स्थान की व्यवस्था की जाए ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके.




